राजस्थान में पंचायत चुनाव के लिए मतदान बुधवार को
राज्य निर्वाचन आयुक्त ए. के. पाण्डे के अनुसार बुधवार को होने वाले मतदान में एक करोड़ 12 लाख दो हजार 897 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। मतदान के लिए 11 हजार 993 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पाण्डे ने बताया कि निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण चुनाव के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध कर लिए गए हैं। मतदान दल कर्मियों की रवानगी मंगलवार सुबह से शुरू हो गई।
इधर राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर बुधवार को जिन क्षेत्रों में मतदान होना है वहां सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। चुनाव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को लुभाने के लिए कथित रूप से शराब परोसने की परम्परा पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने राजस्थान हरियाणा सीमा के सभी मार्गो पर नाकाबंदी की है।
पुलिस प्रशासन को हाल ही में इस बात की सूचना मिली थी कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर हरियाणा से बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब राजस्थान लाई जा रही है। पिछले एक हफ्ते के दौरान आबकारी और पुलिस के दस्तों ने अवैध रूप से लाई जा रही शराब की एक दर्जन से ज्यादा बड़ी घटनाएं पकड़ी हैं।
राज्य में गुर्जर आरक्षण आंदोलन के बाद विभिन्न हिस्सों में पनपे जातीय तनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने करीब दो दर्जन जिलों को अतिसंवेदनशील दायरे में रखते हुए वहां सुरक्षा के खास इन्तजाम किए हैं। निर्वाचन आयोग इस बार राज्यभर में मतदान प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिग करा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications