हैती पर दक्षिणपंथी टिप्पणियां 'मूर्खतापूर्ण' : व्हाइट हाउस
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार एक दक्षिणपंथी रेडियो स्टेशन के प्रस्तोता रुस लिम्बॉग ने बुधवार को कहा था कि अमेरिकी लोग सरकार के जरिए हैती की मदद न करें। उन्होंने कहा था कि राष्ट्रपति बराक ओबामा इस सहायता के जरिए अश्वेत लोगों के साथ अपनी विश्वसनियता को निखारना चाहते हैं।
इसी तरह एक अन्य दक्षिणपंथी पैट रॉबर्टसन ने इतिहास का हवाला देते हुए कहा था, " हैती के लोगों को 'श्राप' लगा है क्योंकि इन लोगों ने 200 साल पहले फ्रांस से आजादी पाने के लिए 'शैतान' से हाथ मिलाया था।"
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता रॉबर्ट गिब्स ने इन दोनों की टिप्पाणियों की आलोचना करते हुए कहा कि यह आश्चर्यचकित करता है कि इस भयावह मानवीय आपदा के समय भी लोग इस तरह की मूर्खतापूर्ण बात कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हैती में मंगलवार को रिक्टर पैमाने पर सात की तीव्रता वाले भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि भूकंप में 100,000 से अधिक लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications