कनाडा की दुर्लभ पेनी 402,500 डॉलर में बिकी
न्यूयार्क, 4 जनवरी (आईएएनएस)। कनाडा की 1930 के दशक की एक दुर्लभ पेनी रविवार को एक नीलामी में 402,500 डॉलर में बिकी। पेनी के 300,000 डॉलर में बिकने का अनुमान था।
हाल के वर्षो में किसी भी सिक्के की लगाई गई यह सबसे बड़ी बोली है। परंतु यह वर्ष 2003 में कनाडा के वर्ष 1911 के चांदी के डॉलर के लिए लगी 11 लाख डॉलर की बोली के आसपास भी नहीं है। वर्ष 1936 की इस पेनी पर तत्कालीन ब्रिटिश राजा का चित्र नहीं है।
यह पेनी उन तीन सिक्कों में से है, जिनको किंग जार्ज पंचम की मौत के बाद बनाया गया। किंग जार्ज पंचम को वर्ष 1911 में दिल्ली दरबार के लिए जाना जाता है। उन्होंने ब्रिटिश राष्ट्रमंडल पर वर्ष 1910 से 1936 तक राज किया।
यद्यपि पेनी पर निर्माण का साल 1936 लिखा है परंतु वास्तव में यह वर्ष 1937 में बनी। कनाडा की शाही टकसाल ने इन सिक्कों को नए राजा एडवर्ड अष्टम के चित्र के साथ जारी करने की तैयारी की थी, जो जार्ज पंचम की मौत के बाद राजा बने।
परंतु जब इन सिक्कों का निर्माण हो रहा था एडवर्ड अष्टम ने दो बार तलाकशुदा अमेरिकी महिला वेलिस सिंपसन से विवाह करने के लिए सिंहासन त्याग दिया। इसके बाद टकसाल ने बिना राजा की तस्वीर के इन सिक्कों को जारी कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications