उत्तर प्रदेश में शीतलहर से 30 की मौत

राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शाहजहांपुर में सबसे कम 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। बलरामपुर, श्रावस्ती और गोंडा जिलों में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण वहां से आने वाली हवाएं यहां ठिठुरन बढ़ा रही हैं। गुप्ता ने कहा कि कड़ाके की सर्दी का यह दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा। अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में और ज्यादा गिरावट होगी।
कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। नई दिल्ली और मुंबई से लखनऊ आने वाली और यहां से दिल्ली-मुंबई जाने वाली सभी उड़ानों में विलंब हो रहा है। यही हाल रेलगाड़ियों का भी है। लखनऊ आने वाली और लखनऊ से होकर बिहार और पश्चिम बंगाल की तरफ जाने वाली सभी रेलगाड़ियां चार से 12 घंटे विलंब से पहुंच रही हैं।
उधर, सर्दी के मद्देनजर लखनऊ में कक्षा आठ तक के स्कूल सात जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक गणेश कुमार ने आईएएनएस से कहा कि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए यह फैसला किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications