उप्र रेल हादसों में चार रेलकर्मी निलंबित
उत्तर मध्य रेलवे(इलाहाबाद) के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी आर.डी.वाजपेयी ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि गोरखधाम एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस के चालकों और सहचालकों को निलंबित कर दिया गया है।
वाजपेयी ने बताया कि दोनों दुर्घटनाओं की जांच की जा रही है। रेल अधिकारियों द्वारा किए गए ये निलंबन फिलहाल तात्कालिक कार्रवाई का एक हिस्सा है।
शनिवार को कानपुर के पनकी के पास प्रयागराज एक्सप्रेस को गोरखधाम एक्सप्रेस ने पीछे से टक्कर मार दी थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी और दो दर्जन लोग घायल हो गए थे। दोनों रेलगाड़ियां दिल्ली से आ रही थीं। गोरखधाम एक्सप्रेस गोरखपुर और प्रयागराज एक्सप्रेस इलाहाबाद जा रही थी।
इटावा के सराय भूपत रेलवे स्टेशन के पास लिच्छवी एक्सप्रेस ने मगध एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मार दी थी। हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। दोनों रेलगाड़ियां दिल्ली से बिहार जा रही थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications