उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी, 40 से अधिक की मौत (राउंडअप)

सर्दी के कारण उत्तर प्रदेश में अब तक कम से कम 30 लोगों की जान जा चुकी है जबकि बिहार के विभिन्न जिलों में 11 लोग मारे गए हैं।

लखनऊ स्थित राहत आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि शनिवार देर रात से अब तक शीतलहर से राज्य में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा पांच-पांच मौतें बलिया और मिर्जापुर जिलों में हुईं।

राज्य के कुछ हिस्सों में तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शाहजहांपुर में सबसे कम 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। बलरामपुर, श्रावस्ती और गोंडा जिलों में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, जबकि लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में कक्षा आठ तक के स्कूल सात जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।

बिहार में पिछले दो दिनों में कम से कम 11 लोगों मारे गए हैं। अररिया जिले के फारबिसगंज में सात, शेखपुर जिले में दो और पुर्णिया व दरभंगा में एक-एक लोग की मौत हुई है।

पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 8़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार की तुलना में 0़ 8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। सोमवार को गया सबसे ठंडा जिला रहा जहां का न्यूनतम तापमान 6़ 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में जारी शीतलहर के बीच कुछ इलाकों में रुक-रुककर वर्षा हुई। क्षेत्र में अमृतसर शहर सबसे सर्द रहा। वहां का न्यूनतम तापमान सबसे कम 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल मनाली में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है।

पंजाब के लुधियाना और पटियाला शहरों में न्यूनतम तापमान अपेक्षाकृत अधिक 7.4 और 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा। चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चण्डीगढ़ के शिक्षा विभाग ने प्राथमिक कक्षाओं की सर्दी की छुट्टियों को 10 जनवरी तक बढ़ा दिया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि वर्षा से इस मौसम की शुष्कता समाप्त हो गई। पिछले 24 घंटों में चण्डीगढ़ में 5.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। पूरे दिसम्बर महीने में केवल 1.4 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस, हिसार का 7.7 डिग्री सेल्सियस और करनाल का आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल कस्बे में सोमवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि बारिश और बर्फबारी के बाद पूरे राज्य में तापमान में गिरावट आई है।

उन्होंने बताया,"मनाली में सुबह बर्फबारी हुई। चार से पांच इंच तक बर्फ जम गई है।" मौसम की यह दूसरी बर्फबारी है। इससे पहले नौ नवंबर को बर्फबारी हुई थी।

लाहौल और स्पीति जिले के केलांग में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां तापमान 0.9 डिग्री से गिरकर -8.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

दिल्ली में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, "दिल्ली से घने कोहरे की चादर हट गई है और दृश्यता में काफी सुधार हुआ है और यह इस समय 1000 मीटर से अधिक है। ऐसा मुख्य तौर पर कल की बारिश से हुआ है।"

दिल्ली में सोमवार सुबह तक 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान औसत से तीन डिग्री अधिक 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+