भारतीय मूल के 130 मलेशियाई प्रवासी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे
कुआलालंपुर, 4 जनवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली में इस सप्ताह शुरू हो रहे आठवें प्रवासी भारतीय दिवस समारोह में भारतीय मूल के 130 मलेशियाई नागरिकों का प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। मलेशियन इंडियन कांग्रेस (एमआईसी) के अध्यक्ष एस.सामी वेल्लु इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
समाचार पत्र 'द स्टार' ने सोमवार को कहा कि वेल्लु और उनकी पार्टी तो मलेशिया के सत्ताधारी गठबंधन बारिसान नेशनल (बीएन) से संबद्ध है, लेकिन विपक्षी गठबंधन पाकातान राकयात (पीआर) के नेताओं के इस वर्ष इस आयोजन में शामिल होने की संभावना न के बराबर है।
गौरतलब है कि पीआर के घटक दलों में पार्टी केदिलान राकयात (पीकेआर) और डेमोकेट्रिक एक्शन पार्टी (डीएपी) ने पिछले वर्ष इस आयोजन में हिस्सा लिया था।
मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल में मानव संसाधन मंत्री एस.सुब्रमण्यम, एमआईसी के वरिष्ठ नेता, गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी और मीडियाकर्मी शामिल होंगे।
वेल्लु संभवत: शुक्रवार को एक पूर्ण सत्र को संबोधित कर सकते हैं।
प्रवासी मामलों के मंत्री व्यालार रवि ने कहा है कि सम्मेलन में नियमित निवेश के मुद्दों से हटते हुए नैनोटेक्नोलॉजी और स्थाई संपत्ति के मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications