समूचा बिहार शीतलहर की चपेट में
पटना, 2 जनवरी (आईएएनएस)। समूचा बिहार शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवा ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया है। हालांकि नए वर्ष में तापमान में वृद्घि जरूर हुई है।
शनिवार को सुबह कोहरे की घनी चादर ने पूरे राज्य को अपने आगोश में ले रखा था। दृश्यता में कमी से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया परंतु शीतलहर के कारण सर्दी का कहर बना हुआ है। बुधवार को पटना का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान था।
विभाग के मुताबिक शनिवार को पूर्णिया सबसे ज्यादा ठंडा रहा जहां का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पटना के मौसम विभाग के प्रभारी निदेशक एस़ आई़ लश्कर ने शनिवार को बताया कि पिछले कुछ दिनों से राज्य में जो कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था वह समाप्त हो गया है। इस कारण अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी के कारण उधर से आने वाली सर्द हवाओं के कारण राज्य में शीतलहर चल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications