बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुसार पाठ्यक्रम बनाए जाएं : राव
राज्यपाल राव शुक्रवार को यहां राजभवन में राज्य के निजी विश्वविद्यालयों की बैठक को सम्बोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि राज्य के निजी विश्वविद्यालयों को शिक्षण कार्य से हुई आय को शिक्षा में ही निवेश करना होगा। राज्यपाल ने राज्य सरकार को इस संदर्भ में समुचित प्रावधान बनाने के लिए कहा है।
राव ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में निजी विश्वविद्यालयों को अपने शिक्षा के स्तर को उत्कृष्ट बनाना होगा ताकि शिक्षक एवं विद्यार्थी उनके संस्थान की ओर आकर्षित हो सके।
राज्यपाल ने कहा है कि निजी विश्वविद्यालयों के परिनियम एवं अध्यादेश के त्वरित अनुमोदन हेतु एक उप समिति का गठन कर दिशा निर्देश तय किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या, फैकल्टी और विषयों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार योजनाबद्घ तरीके से निजी विश्वविद्यालयों के लिए राज्य सरकार को नीति बनानी चाहिए।
राव ने कहा कि निजी विश्वविद्यालयों में सभी वर्गो के विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए वातावरण तैयार करना होगा।
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा की उच्च गुणवत्ता बनाने के लिए निजी विश्वविद्यालयों को ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों द्वारा शिक्षण शुल्क उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ही लिया जाना चाहिए। डॉ. सिंह ने इस बैठक को बुलाने के लिए राज्यपाल राव का आभार व्यक्त किया।
मुख्य सचिव टी. श्रीनिवासन ने कहा कि शिक्षक एवं विद्यार्थियों की गतिमानता आज के समय की सच्चाई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को शिक्षकों को रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications