घने कोहरे से दिल्ली में हवाई और रेल यातायात प्रभावित (लीड-1)
नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। घने कोहरे के कारण कई उड़ाने रद्द होने और रेलगाड़ियों में विलंब से नई दिल्ली में सैकड़ों हवाई और रेल यात्रियों को मुसीबते उठानी पड़ीं।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर इंस्ट्रमेंट लैंडिंग सिस्टम में खराबी और उत्तरी ग्रिड में आई गड़बड़ी ने लोगों की मुसीबतें और बढ़ाईं।
शहर में दृश्यता शनिवार सुबह शून्य हो गई थी और 10 बजे भी 50 मीटर के कम बनी हुई थी।
कोहरे के कारण करीब 36 घरेलू और 12 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में घंटों विलंब हुआ और कई रद्द कर दी गईं। विमानों की उड़ान के लिए आवश्यक न्यूनतम 150 मीटर दृश्यता के विपरीत आईजीआई हवाई अड्डे पर दृश्यता 125 मीटर से कम थी।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे से मुख्य हवाई पट्टी पर दृश्यता कम होने और तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिल्ली आनेवाली और यहां से जानेवाली सभी उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली आ रही अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को अन्य स्थानों पर भेजा गया है।
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस समय के औसत तापमान से थोड़ा अधिक है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कोहरा रविवार को भी कायम रहेगा और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।
दिल्ली में रेलवे स्टेशनों पर भी हालत बेहतर नहीं है। यहां आने वाली करीब 50 रेलगाड़ियों में पांच घंटे से अधिक विलंब के कारण यात्री और उनके रिश्तेदार परेशान हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications