घने कोहरे से उप्र में 2 रेल दुर्घटनाएं (लीड-1)
लखनऊ, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पूरे उत्तर भारत में फैली कोहरे की घनी चादर के कारण शनिवार तड़के को उत्तर प्रदेश में दो रेल दुर्घटनाएं हुईं। कानपुर में दो रेलगाड़ियों की टक्कर में जहां करीब पांच लोग घायल हुए हैं वहीं इटावा में हुई दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कानपुर के पनकी रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज एक्सप्रेस और गोरखधाम एक्सप्रेस के बीच टक्कर हो गई। स्टेशन पर खड़ी प्रयागराज एक्सप्रेस को पीछे से आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी।
राजकीय रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में करीब पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को कानपुर के हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोरखधाम एक्सप्रेस का चालक भी घायल हुआ है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दूसरा हादसा इटावा में सराय भूपत रेलवे स्टेशन के समीप हुआ जब लिच्छवी एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस आपस में टकरा गईं।
रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "अभी तक यह पता लगाना बाकी है कि इस हादसे में कोई हताहत हुआ या नहीं।"
उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ।"
इटावा के राजकीय रेलवे पुलिस के इंस्पेक्टर ए.के.सिंह ने बताया कि लिच्छवी एक्सप्रेस का चालक केबिन में फंस गया है और उसे बचाने के प्रयास हो रहे हैं। राहत और बचाव कार्यो के लिए वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications