नेपाली फिल्मकार को सिक्किम से हुआ प्यार
काठमांडू, 2 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय फिल्मकार जहां अपनी फिल्मों की शूटिंग नेपाल में करने के विषय में सोच रहे हैं वहीं एक नेपाली फिल्मकार सिक्किम में अपनी फिल्म की शूटिंग करेंगे।
फिल्मकार शोवित बैसनेट की अगली फिल्म सिक्किम पर आधारित है। सिक्किम में हजारों नेपाली या नेपाली मूल के लोग रहते हैं। सिक्किम में विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी माउंट कंचनजुंगा है।
शोवित की पिछले वर्ष प्रदर्शित एक फिल्म की नेपाल और भारत दोनों जगहों पर ही खूब चर्चा हुई थी और इसकी वजह यह थी कि इसमें भी सिक्किम को किसी न किसी तरह से शामिल किया गया था।
फिल्म 'मिशन लव इन सिक्किम' का सिक्किम की राजधानी में प्रदर्शन हुआ था और पश्चिम बंगाल के कालिमपोंग में अब भी यह फिल्म चल रही है।
शोवित ने कहा कि वह कुछ अलग करना चाहते थे और इसके लिए नई लोकेशन और नए कलाकार चाहते थे। उनकी फिल्म 'मिशन लव इन सिक्किम' में यह सब कुछ है। इस फिल्म में सिक्किम के ही कलाकारों ने अभिनय किया है।
सिक्किम की पवन कुमार चामलिंग सरकार ने इस फिल्म के जरिए सिक्किम को प्रदर्शित करने और वहां पर्यटन को बढ़ावा मिलने की वजह से सिक्किम में इस फिल्म पर मनोरंजन कर नहीं लगाया था।
अब शोवित सिक्किम पर केंद्रित एक और फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं। फिल्मकार का कहना है कि नेपाल की संस्कृति नेपाल से ज्यादा सिक्किम में दिखाई देती है। वह कहते हैं कि सिक्किम के लोग नेपाली में बात करते हैं और वहां के लोग पारंपरिक नेपाली परिधान पहनते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications