कोहरे से 75 उड़ानों में विलंब, मुसाफिर रहे परेशान (राउंडअप)
जबरदस्त कोहरे और दोषपूर्ण रनवे उपकरणों के कारण करीब 75 घरेलू उड़ानों में विलंब हुआ जबकि 10 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
दिल्ली से लंदन, जेद्दा और टोरंटो के लिए उड़ान भरने वाले विमानों को मुंबई के रास्ते रवाना किया गया। दिल्ली से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान भरने वाले लगभग 20 विमान मुंबई से रवाना हुए।
लंदन से नई दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया के विमान की एक यात्री तनुश्री बसु ने आईएएनएस से कहा, "अधिकारी क्या चाहते हैं इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। हम सभी बहुत थक गए हैं। हम शुक्रवार की शाम से यहीं हैं। यहां बैठने तक की जगह नहीं है। हमें खाने के लिए कूपन दिए गए हैं लेकिन हम में अब इतनी ऊर्जा नहीं है कि इतनी लंबी कतार में हम खड़े हो सकें।"
कुव्यवसथा और व्यवस्थाओं की कमी को देखते हुए मुंबई हवाई अड्डे पर जेद्दा से लौट रहे यात्रियों ने विमान अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम पर भी कोहरे की मार पड़ी। उन्हें 10 बजे चेन्नई से नई दिल्ली के लिए रवाना होना था लेकिन उनका विमान डेढ़ बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
आईजीआई हवाई अड्डे पर विमानों के उड़ान भरने और उतरने के लिए आवश्यक न्यूनतम दृश्यता 150 मीटर के विपरीत 125 मीटर से भी कम थी जिससे विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।
शहर में दृश्यता शनिवार तड़के शून्य हो गई थी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रवक्ता वी. सोमा सुंदरम ने बताया, "हम रनवे के विजुअल रेंज उपकरण में आई गड़बड़ी दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण करीब 75 घरेलू और 20 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का या तो मार्ग बदला गया या उन्हें रद्द कर दिया गया। एयर इंडिया की लंदन-दिल्ली ए-112 सहित कम से कम 20 उड़ानों का रुख मुंबई की ओर कर दिया गया। छह अन्य उड़ाने जयपुर की ओर भेजी गईं।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर) में गड़बड़ी के कारण सीएटी-थर्डबी इंस्ट्रमेंट लैंडिंग प्रणाली इस्तेमाल में नहीं लाई जा सकी।
अधिकारियों के अनुसार आईजीआई में स्थितियां अब सामान्य हो रही हैं। विमानों की आवाजाही शुरू हो गई है और जल्द से जल्द उड़ानों की आवाजाही सामान्य बनाने की कोशिश की जा रही है।
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस समय के औसत तापमान से थोड़ा अधिक है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कोहरा रविवार को भी कायम रहेगा और दिन का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।
दिल्ली में रेलवे स्टेशनों पर भी हालत बेहतर नहीं है। यहां आने वाली करीब 50 रेलगाड़ियों में पांच घंटे से अधिक विलंब के कारण यात्री और उनके रिश्तेदार परेशान हैं। घने कोहरे के कारण सड़कों पर भी वाहन चलाने में दिक्कत हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications