पाकिस्तान में आतंकवादी हमले में मरने वालों की संख्या 95 हुई (लीड-1)
इस्लामाबाद, 2 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) में लकी मरवात जिले के शाह हसन खेल गांव में एक वॉलीबाल मैच के दौरान हुए आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस हमले में 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में अधिकांश बच्चे और महिलाएं हैं।
एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी कार एक वॉलीबाल मैदान की दीवार से टकरा दी। इससे 95 लोगों की मौत हुई और 100 से अधिक अन्य लोग घायल हुए।
जिला पुलिस अधिकारी अयूब खान ने कहा कि जब विस्फोट हुआ तो सैकड़ों दर्शक एक वॉलीबाल मैच देखने के लिए एकत्र थे।
किसी भी आतंकवादी संगठन ने अभी तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
खान ने कहा कि हमले के पीछे तालिबान आतंकवादियों का हाथ हो सकता है क्योंकि इलाके के लोग सुरक्षा बलों के हाल के अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
शाह हसन खेल गांव के लोगों ने सुरक्षा बलों की सहायता से इलाके से आतंकवादियों को बाहर कर दिया था। यह गांव पहले आतंकवादियों का गढ़ माना जाता था।
एक अधिकारी ने बताया कि वॉलीबाल मैदान के समीप एक मकान ध्वस्त हो गया। इसके मलबे में कई महिलाएं और बच्चे दब गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications