पाकिस्तान में आत्मघाती हमले में मरने वालों की संख्या 75 हुई
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी कार एक वॉलीबाल मैदान की दीवार से टकरा दी। इससे 75 लोगों की मौत हुई और 60 अन्य घायल हुए।
जिला पुलिस अधिकारी अयूब खान ने कहा कि जब विस्फोट हुआ तो 100 से अधिक दर्शक एक वॉलीबाल मैच देख रहे थे।
किसी भी आतंकवादी संगठन ने अभी तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
खान ने कहा कि हमले के पीछे तालिबान आतंकवादियों का हाथ हो सकता है क्योंकि इलाके के लोग सुरक्षा बलों के हाल के अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
शाह हसन खेल गांव के लोगों ने सुरक्षा बलों की सहायता से इलाके से आतंकवादियों को बाहर कर दिया था। यह गांव पहले आतंकवादियों का गढ़ माना जाता था।
एक अधिकारी ने बताया कि वॉलीबाल मैदान के समीप एक मकान ध्वस्त हो गया। इसके मलबे में कई महिलाएं और बच्चे दब गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications