मक्सी में कर्फ्यू जारी, 39 के खिलाफ मामला दर्ज (लीड-1)
क्रिकेट मैच को लेकर बच्चों के बीच शुरू हुआ शुक्रवार को विवाद दो गुटों के संर्घष में बदल गया। इस हिंसा में एक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शनिवार को मृतक युवक के परिजनों की शिकायत पर नौ लोगों और पुलिस पर हमला आगजनी तथा बलवा के आरोप में 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन को कर्फ्यू लगाना पड़ा था। कर्फ्यू शनिवार को भी जारी है। पुलिस गश्त जारी है और तनाव बना हुआ है लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
उज्जैन के पुलिस उपमहानिरीक्षक वरुण कपूर ने आईएएनएस को बताया कि शनिवार को कर्फ्यू में ढील नहीं दी गई। रविवार को हालात की समीक्षा के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
शुक्रवार को भड़की हिंसा में मारे गए युवक का अंतिम संस्कार भारी सुरक्षा बल की मौजूदगी में कर दिया गया। उज्जैन के संभागायुक्त टी.धर्माराव ने आईएएनएस को बताया कि अब तक पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मक्सी में हिंसा की वजह क्रिकेट मैच का विवाद बना था जिसमें दो गुट आपस में भिड़ पड़े थे और दोनों ओर से गोली, लाठी डंडे तथा तलवारें चली थीं। वाहनों में तोड़फोड़ की गई और दुकानों में आग लगा दी गई थी। इस संघर्ष में गोली लगने से एक युवक की मौत हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications