राष्ट्रमंडल खेलों की सुरक्षा को लेकर तैयार है दिल्ली पुलिस : डडवाल
दिल्ली पुलिस के वार्षिक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डडवाल ने कहा, "सुरक्षा की दृष्टि से राष्ट्रमंडल खेलों का सफल आयोजन हमारे लिए बड़ी चुनौती है लेकिन हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारी योजना तैयार है। हमने राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति और अन्य अधिकारियों के समक्ष सुरक्षा संबंधी प्रस्तुतीकरण भी दिया है। सभी ने हमारी योजनाओं पर संतुष्टि जताई है।"
उन्होंने कहा कि खेलों के दौरान पुलिसकर्मियों की और अधिक जरूरत पड़ेगी तथा इसके लिए व्यापक तौर पर भर्ती की जा रही है।
उन्होंने कहा, "15 जनवरी तक 6449 कांस्टेबलों को नियुक्त कर लिया जाएगा और साल के मध्य तक और 6718 कांस्टेबल नियुक्त किए जाएंगे। अब तक 387 उप निरीक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है जबकि और 462 उपनिरीक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया आरंभ की जा चुकी है।"
डडवाल ने कहा कि आम आदमी के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के 1990 टैक्सी ड्राइवरों को बायोमेट्रिक कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी ऑटो ड्राइवरों को बायोमेट्रिक कार्ड जारी किए जाने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है और खेलों से पहले इसे पूरा कर लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications