उप्र में 3 रेल हादसों में 10 मरे, 45 घायल (लीड-3)
ये हादसे शनिवार सुबह कानपुर, इटावा और इलाहाबाद जिले में हुए। कानपुर में गोरखधाम एक्सप्रेस और प्रयागराज एक्सप्रेस के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई।
कानपुर के पुलिस महानिरीक्षक बी.पी.जोगडांड ने आईएएनएस से कहा, "सुबह नौ बजे दो रेलगाड़ियों के बीच हुई टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे में लगभग 40 लोग घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।"
हादसे के दौरान प्रयागराज एक्सप्रेस के तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यह रेलगाड़ी दिल्ली से इलाहाबाद जा रही थी।
इटावा में सराय भूपक स्टेशन के समीप लिच्छवी एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस में टक्कर हो गई। हादसे में लिच्छवी एक्सप्रेस का चालक घायल हो गया। दोनों रेलगाड़ियां बिहार जा रही थीं।
इटावा में राजकरीय रेलवे पुलिस के निरीक्षक ए.के.सिंह ने आईएएनएस से कहा, "चालक के दोनों पैर में चोट आई है। उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर है लेकिन नाजुक बनी हुई है।"
तीसरा रेल हादसा इलाहाबाद में हुआ। वहां सरयू एक्सप्रेस एक रेलवे ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए।
अतिरिक्त महानिदेशक (रेलवे) ए.के.जैन ने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा, "कानपुर में रेल हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हैं।"
जैन ने कहा कि हादसों की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.डी.वाजपेयी ने कहा कि ऐसा लगता है कि घने कोहरे की वजह से ये हादसे हुए हैं। उन्होंने कहा, "हादसों की वजह जानने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं और रेलवे सुरक्षा मामलों के आयुक्त जल्द ही जांच शुरू करेंगे।"
रेलवे ने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और सामान्य घायलों को 10 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications