दिल्ली में अपहरण और वाहन चोरी का ग्राफ बढ़ा
नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में साल 2009 के दौरान अपहरण और वाहन चोरी के मामले तेजी बढ़े हैं। इस दौरान दर्ज किए गए आपराधिक मामलों में एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त वाई.एस. डडवाल ने शनिवार को वार्षिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के मामलों में 1.42 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। अपहरण के मामलों में पर्याप्त वृद्धि हुई है और यह 1,502 से बढ़कर 2,417 (60.9 प्रतिशत) हो गई। उन्होंने कहा कि इन मामलों में वृद्धि 16 साल तक के बच्चों की गुमशुदगी के मामले तुरंत दर्ज करने के फैसले के बाद हुआ है।
उन्होंने कहा कि वाहन चोरी के मामलों में 19.5 फीसदी की वृद्धि हुई है। हालांकि जघन्य अपराध जैसे हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलात्कार और संप्रदायिकता के मामलों में 2.97 प्रतिशत की कमी आई।
डडवाल ने कहा कि छेड़छाड़, छीना झपटी और अश्लीलता के मामलों में भी कमी हुई है।
वर्ष 2009 में आईपीसी के तहत 47,072 मामले दर्ज किए गए जबकि 2008 में 46,614 मामले दर्ज किए गए थे। वाहन चोरी के 11,892 मामले दर्ज किए गए जबकि वर्ष 2008 में 9,949 मामले दर्ज किए गए थे।
उन्होंने कहा कि इस साल महाराष्ट्र संगठित नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत 25 मामले दर्ज किए गए जबकि 2008 में पांच मामले दर्ज किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications