ग्रिड संकट : उत्तर भारत के कई राज्य अंधेरे में, रेल यातायात भी प्रभावित (राउंडअप)
शनिवार तड़के 3.02 बजे उत्तरी ग्रिड में आई इस खराबी से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर और चण्डीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई। इन क्षेत्रों से गुजरने वाली रेलगाड़ियों पर भी इसका गंभीर प्रभाव दिखा।
पंजाब और हरियाणा में कुछ घंटों के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो गई लेकिन इन दोनों राज्यों में रेल यातायात सबसे अधिक प्रभावित हुआ। पंजाब राज्य विद्युत बोर्ड (पीएसईबी) के अध्यक्ष एच. एस. बरार ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे के कारण ग्रिड में खराबी आई। सभी राज्यों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए पूरे प्रयास हो रहे हैं। बरार ने कहा कि 60 प्रतिशत इलाकों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
ग्रिड में आई गड़बड़ी से बिजली से चलने वाली कई रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। अंबाला रेल मंडल के प्रबंधक एच.के. हग्गी ने आईएएनएस से कहा, "यह यात्रियों और रेल विभाग दोनों के लिए कठिन स्थिति है। बिजली गुल होने से रेलगाड़ियां करीब साढ़े तीन घंटे बाधित रहीं। परंतु अब स्थिति नियंत्रण में है और रेल यातायात बहाल कर दिया गया है।"
अंबाला मंडल में 15 रेलगाड़ियां एक से साढ़े तीन घंटे विलंब से चल रही हैं। इससे अंबाला, फिरोजपुर और दिल्ली मंडलों में कुल मिलाकर 50 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं हैं।
हग्गी ने बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली के इंजनों को हटाकर डीजल इंजन लगाए गए हैं परंतु हर स्थान पर डीजल इंजन उपलब्ध नहीं है। घने कोहरे के कारण डीजल इंजन भी गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लेंगे। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के कारण पंजाब और हरियाणा में राजमार्गो पर सड़क यातायात भी प्रभावित रहा।
शीतलहर का भी प्रकोप जारी है और अमृतसर और उसके नजदीकी स्थानों पर शनिवार सुबह शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले हफ्ते तक कोहरे के बने रहने की आशंका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications