दिल्ली में कोहरे से हवाई यातायात प्रभावित, मुसाफिर परेशान (लीड-2)
नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली में घने कोहरे के कारण करीब 40घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का या तो रास्ता बदलना पड़ा या उन्हें रद्द कर दिया गया।
जबरदस्त कोहरे और दोषपूर्ण रनवे उपकरणों के कारण उड़ानों की आवाजाही प्रभावित होने से हजारों मुसाफिर फंसे हुए हैं।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर दृश्यता विमानों के उड़ान भरने और उतरने के लिए आवश्यक न्यूनतम 150 मीटर के विपरीत 125 मीटर से भी कम थी। जिससे विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई।
शहर में दृश्यता शनिवार तड़के शून्य हो गई थी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रवक्ता वी. सोमा सुंदरम ने बताया, "हम रनवे के विजुअल रेंज उपकरण में आई गड़बड़ी दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि कोहरे के कारण करीब 30 से ज्यादा घरेलू और नौ अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का या तो मार्ग बदला गया या उन्हें रद्द कर दिया गया। एयर इंडिया की लंदन-दिल्ली ए-112 सहित कम से कम तीन उड़ानों का रुख मुंबई की ओर कर दिया गया। छह अन्य उड़ाने जयपुर की ओर भेजी गईं।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि रनवे विजुअल रेंज (आरवीआर)में गड़बड़ी के कारण सीएटी-थर्डबी इंस्ट्रमेंट लैंडिंग प्रणाली इस्तेमाल में नहीं लाई जा सकी।
अधिकारियों के अनुसार आईजीआई में स्थितियां अब सामान्य हो रही हैं। विमानों की आवाजाही शुरू हो गई है और हम जल्द से जल्द उड़ानों की आवाजाही सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस समय के औसत तापमान से थोड़ा अधिक है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कोहरा रविवार को भी कायम रहेगा और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।
दिल्ली में रेलवे स्टेशनों पर भी हालत बेहतर नहीं है। यहां आने वाली करीब 50 रेलगाड़ियों में पांच घंटे से अधिक विलंब के कारण यात्री और उनके रिश्तेदार परेशान हैं। घने कोहरे के कारण सड़कों पर भी वाहन चलाने में दिक्कत हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications