उप्र में 3 रेल हादसे में 4 मरे, 40 घायल (लीड-2)
ये हादसे शनिवार सुबह कानपुर, इटावा और इलाहाबाद जिले में हुए। कानपुर में गोरखधाम एक्सप्रेस और प्रयागराज एक्सप्रेस के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और 35 घायल हो गए।
इटावा में लिच्छवी एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस में टक्कर हो गई। हादसे में लिच्छवी एक्सप्रेस का चालक घायल हो गया। दोनों रेलगाड़ियां बिहार जा रही थी।
तीसरा रेल हादसा इलाहाबाद में हुआ। वहां सरयू एक्सप्रेस एक रेलवे ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए।
अतिरिक्त महानिदेशक (रेलवे) ए.के.जैन ने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा, "कानपुर में रेल हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और राजकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी बचाव कार्य में जुटे हैं।"
जैन ने कहा कि लिच्छवी एक्सप्रेस के घायल चालक को दुर्घटनाग्रस्त रेलगाड़ी से निकाल लिया गया है। हादसों की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.डी.वाजपेयी ने कहा कि ऐसा लगता है कि घने कोहरे की वजह से ये हादसे हुए हैं। उन्होंने कहा, "हादसों की वजह जानने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications