न्यूजवीक संपादक बुद्ध पर विवादों के घेरे में
काठमांडू, 2 जनवरी (आईएएनएस)। एक वर्ष पहले बॉलीवुड की फिल्म "चांदनी चौक टू चाइना" में गौतम बुद्ध के भारत में पैदा होने के दावे पर नेपाल में हुए विवाद के बाद अब न्यूजवीक के संपादक फरीद जकारिया की किताब में इसी तथ्य का उल्लेख होने से नया विवाद शुरू हो गया है।
न्यूजवीक पत्रिका के संपादक और समाचार चैनल सीएनएन पर अंतर्राष्ट्रीय मामलों के एक साप्ताहिक कार्यक्रम के मेजबान जकारिया की नई किताब 'द पोस्ट अमेरिकन वर्ल्ड' में कहा गया कि यद्यपि बुद्ध और बौद्ध धर्म भारत में पैदा हुए लेकिन उपमहाद्वीप में कोई भी वास्तविक बौद्ध नहीं है।
नेपाल में एक समिति ने संसद में इस पर आपत्ति उठाई और बताया जा रहा है कि मामला राष्ट्रपति रामबरन यादव और विदेश तथा गृह मंत्री तक पहुंचा है।
जकारिया की किताब मई 2009 में प्रकाशित हुई लेकिन नेपाल तक पहुंचने में इसने लंबा समय लगाया।
विपक्षी माओवादी पार्टी के प्रवक्ता दीनानाथ शर्मा के नेपाल के सबसे बड़े दैनिक अखबार कांतिपुर में इस दावे का विरोध करने के बाद शनिवार को यह विवाद सार्वजनिक हुआ।
माओवादी सांसद ने कहा, "क्या हम यह मानने को तैयार हैं कि जकारिया ने बुद्ध के अध्ययन के बगैर ही यह लिखा है। कोई व्यक्ति जब बड़ी बारीकी से सभी धर्मो का उल्लेख करा हो, तो उसके बारे में यह नहीं कहा जा सकता कि वह बुद्ध के जन्मस्थान के बारे में नहीं जानता।"
जकारिया याले विश्वविद्यालय से स्नातक और हार्वर्ड विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पीएचडी हैं।
माओवादी सांसद ने कहा कि जकारिया की यह गलतबयानी दुनिया को भारत को बुद्ध का जन्म स्थान बताने के प्रचार अभियान का हिस्सा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications