गर्भवती महिला को पति ने जलाया
पुणे, 2 जनवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक गर्भवती महिला का सास से झगड़ा हो जाने के बाद उसके पति ने कथित तौर पर उसे जलाकर मार डाला।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि यहां से 150 किलोमीटर दूर लिंगनूर गांव में 20 वर्षीय गर्भवती महिला संगीता शिवाजी पाटील का मंगलवार को अपनी 55 वर्षीय सास हंसा नेकू पाटील से विवाद हो गया था। संगीता को छह माह का गर्भ था।
मिराज थाने के उप निरीक्षक पी. आर. सावंत का कहना है कि नाराज सास ने अपने पति नेकू पाटील और बेटे शिवाजी के मना करने के बावजूद संगीता को घर से बाहर निकाल दिया था।
अगली सुबह जब संगीता परिवार के सदस्यों को नाश्ता परोस रही थी तभी उसके नाराज पति ने अपने पिता के सामने ही उस पर कैरोसिन छिड़ककर उसे जला दिया।
संगीता को सांग्ली सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।
संगीता के मौत से पहले दिए बयान और नेकू के बयान के आधार पर पुलिस ने शिवाजी को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया है। हंसा को भी मृतक महिला को प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारी सावंत ने बताया कि संगीता के विवाह के बाद से ही उसकी सास उसे प्रताड़ित कर रही थी। उसका दो वर्ष पहले विवाह हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications