उत्तर भारत में कोहरे से जनजीवन अस्तव्यस्त, रेल,हवाई सेवाएं बाधित

उत्तर प्रदेश में एक रेल हादसा कानपुर और दूसरा इटावा में हुआ। कानपुर में दो रेलगाड़ियों की टक्कर में जहां करीब 10 लोग घायल हुए हैं वहीं इटावा में हुई दुर्घटना में एक रेलगाड़ी के चालक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। उधर, इटावा में सराय भूपत रेलवे स्टेशन के समीप लिच्छवी एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस में टक्कर हो गई।

कानपुर के पनकी रेलवे स्टेशन पर खड़ी प्रयागराज एक्सप्रेस को पीछे से आ रही गोरखधाम एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और कुछ लोगों के अभी तक बुरी तरह नष्ट हुए तीन डिब्बों में फंसे होने की आश्ांका है। प्रयागराज इलाहाबाद से दिल्ली और गोरखधाम एक्सप्रेसस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी।

उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर.डी. वाजपेयी ने बताया, "कानपुर में हुई दुर्घटना में कम से कम 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। इस हादसे में कुछ लोगों की मौत होने की भी आशंका है। हालांकि इटावा में हुए हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन लिच्छवी एक्सप्रेस का ड्राइवर घायल हो गया है।"

लिच्छवी एक्सप्रेस का चालक केबिन में फंस गया है और उसे बचाने के प्रयास हो रहे हैं। वाजपेयी ने बताया, "ऐसा लगता है कि दोनों हादसे घने कोहरे के कारण हुए। हादसों का कारण जानने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।" राहत और बचाव कार्य जारी है।

उधर उत्तरी ग्रिड में सुबह 3.02 बजे खराबी आ गई जिससे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर और चण्डीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पंजाब और हरियाणा में कुछ घंटों के बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो गई। इन दोनों राज्यों में रेल यातायात सबसे अधिक प्रभावित हुआ।

पंजाब राज्य विद्युत बोर्ड (पीएसईबी) के अध्यक्ष एच.एस.बरार ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे के कारण ग्रिड में खराबी आई। सभी राज्यों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए पूरे प्रयास हो रहे हैं। बरार ने कहा कि 60 प्रतिशत इलाकों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

ग्रिड में आई गड़बड़ी से बिजली से चलने वाली कई रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। अंबाला रेल मंडल के प्रबंधक एच.के. हग्गी ने आईएएनएस से कहा, "यह यात्रियों और रेल विभाग दोनों के लिए कठिन स्थिति है। बिजली गुल होने से रेलगाड़ियां करीब साढ़े तीन घंटे बाधित रहीं। परंतु अब स्थिति नियंत्रण में है और रेल यातायात बहाल कर दिया गया है।" अंबाला मंडल में 15 रेलगाड़ियां एक से साढ़े तीन घंटे विलंब से चल रही हैं। अंबाला, फिरोजपुर और दिल्ली मंडलों में कुल मिलाकर 50 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं हैं।

हग्गी ने बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली के इंजनों को हटाकर डीजल इंजन लगाए गए हैं परंतु हर स्थान पर डीजल इंजन उपलब्ध नहीं हैं। घने कोहरे के कारण डीजल इंजन भी गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लेंगे।उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के कारण पंजाब और हरियाणा में राजमार्गो पर सड़क यातायात भी प्रभावित रहा।

शीतलहर का भी प्रकोप जारी है और अमृतसर और उसके नजदीकी स्थानों पर शनिवार सुबह शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले हफ्ते तक कोहरे के बने रहने की आशंका है।

इस बीच, दिल्ली में भी शनिवार को घने कोहरे की वजह से हुई दो अलग-अलग सड़क दुघर्टनाओं में एक साइकिल सवार, एक 13 वर्षीय बच्चे और एक कार सवार की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन-2 इलाके में शुक्रवार देर रात एक कार के डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरे वाहन से टकरा जाने से कार चालक की मौत हो गई। इस घटना में दो और लोग घायल भी हुए।

घने कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द होने और रेलगाड़ियों में विलंब से नई दिल्ली में सैकड़ों हवाई और रेल यात्रियों को मुसीबते उठानी पड़ीं।

इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे(आईजीआई) पर इंस्ट्रमेंट लैंडिंग सिस्टम में खराबी और उत्तरी ग्रिड में आई गड़बड़ी ने लोगों की मुसीबतें और बढ़ाईं। शहर में दृश्यता शनिवार सुबह लगभग शून्य हो गई थी और 10 बजे भी 50 मीटर के कम बनी हुई थी।

कोहरे के कारण करीब 36 घरेलू और 12 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में घंटों विलंब हुआ और कई रद्द कर दी गईं। विमानों की उड़ान के लिए आवश्यक न्यूनतम 150 मीटर दृश्यता के विपरीत आईजीआई हवाई अड्डे पर दृश्यता 125 मीटर से कम थी।

हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि घने कोहरे से मुख्य हवाई पट्टी पर दृश्यता कम होने और तकनीकी गड़बड़ी के कारण दिल्ली आनेवाली और यहां से जानेवाली सभी उड़ानें प्रभावित हुईं। दिल्ली आ रही अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को अन्य स्थानों पर भेजा गया है।

दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस समय के औसत तापमान से थोड़ा अधिक है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कोहरा रविवार को भी कायम रहेगा और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।

दिल्ली में रेलवे स्टेशनों पर भी हालत बेहतर नहीं है। यहां आने वाली करीब 50 रेलगाड़ियों में पांच घंटे से अधिक विलंब के कारण यात्री और उनके रिश्तेदार परेशान हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+