मालगाड़ी ने 4 हाथियों को रौंदा
गुवाहाटी, 2 जनवरी (आईएएनएस)। असम में शनिवार को तेज रफ्तार मालगाड़ी ने हाथी के दो बच्चों सहित चार हाथियों को रौंद दिया।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह दुर्घटना गुवाहाटी से 270 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलांग जिले के वालिंगदिसा रेलवे स्टेशन पर हुई थी। रेलगाड़ी पेट्रोलियम उत्पाद ले जा रही थी।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के प्रमुख प्रवक्ता एस. हाजोंग ने आईएएनएस से कहा, "रेलगाड़ी ने ट्रैक पर घूमते हाथियों के झुंड को टक्कर मार दी थी। संभवत: घने कोहरे के कारण ड्राइवर हाथियों का झुंड नहीं देख सका होगा।"
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना में हाथी रेलगाड़ी के साथ 200 किलोमाटर तक खिंचे चले गए और उनके टुकड़े-टुकड़े हो गए।
वन्य जीव रेंजर नारायण दास ने कहा कि रेलगाड़ी से टक्कर होने के बाद दो वयस्क हाथियों से अत्यधिक रक्त बहा।
दुर्घटना के तुरंत बाद ही वहां हजारों स्थानीय लोग जमा हो गए और वे मृत जानवरों के नाखून, हाथी दांत और अन्य शारीरिक अंग निकालकर ले गए।
दास ने कहा, "जब हम दुर्घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि हाथियों के अंग गायब हैं।"
पिछले पांच वर्षो में हाथियों ने असम में 270 लोगों को रौंद डाला है। वन्य जीव विभाग के मुताबिक इतने ही समय में 280 हाथियों की मौत हुई है और कई हाथियों को मनुष्यों के हमलों की वजह से चोटें आई हैं।
भारत में सबसे ज्यादा एशियाई हाथी असम में ही हैं। यहां उनकी अनुमानित संख्या करीब 5,500 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications