बेटिकट यात्री से पूछताछ, एयर इंडिया का खतरे से इंकार (लीड-1)
यद्यपि, एयर इंडिया ने कहा है कि उसकी मदीना-जयपुर उड़ान के दौरान विमान के टायलेट में छिपकर बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्री से विमान और उसके यात्रियों को कोई खतरा नहीं था।
विमानन कंपनी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इसमें कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। बेटिकट यात्री सउदी अरब के मदीना हवाईअड्डे पर सेवा उपलब्ध कराने वाली एजेंसी में सफाईकर्मी था और उसके पास वैध कार्ड था जिससे आधार पर वह सुरक्षा चक्र को पार करने में सक्षम था।
दिल्ली में विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा, "हमें पुलिस से उड़ान के चालक दल के सदस्यों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई की सूचना नहीं मिली है।"
एयरलाइंस ने कहा है कि उसने संबंधित एजेंसी से पूछा है कि उसका कर्मचारी अपना काम करने के बाद कैसे विमान में सवार रह गया।
इधर, जयपुर पुलिस ने कहा है कि यह पूरा मामला एयर इंडिया द्वारा बरती गई 'लापरवाही' से जुड़ा है। चालक दल ने उड़ान भरने से पहले विमान के टायलेट का निरीक्षण नहीं किया।
एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा, "हम एयर लाइंस के खिलाफ एक मामला दर्ज करने के बारे में सोच रहे हैं।"
अधिकारी ने कहा, "प्रथम दृष्टया एयर इंडिया के कर्मचारियों ने लापरवाही बरती है। उड़ान भरने से पहले चालक दल के सदस्य कॉकपीट और टायलेट का निरीक्षण करते हैं, लेकिन इस मामले में लगता है कि ऐसा नहीं किया गया।"
अधिकारी ने कहा कि बेटिकट यात्री के पाए जाने के बावजूद चालक दल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित नहीं किया। "हमने आव्रजन अधिकारी की सूचना पर व्यक्ति को यहां गिरफ्तार किया।"
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला 26 वर्षीय हबीब विमान में बिना टिकट सवार हो गया था। वह छह माह पहले सउदी अरब गया था और वह मदीना हवाईअड्डे पर सेवा मुहैया कराने वाली एक एजेंसी के लिए काम करता था।
शनिवार को हबीब एयरबस ए-330 में सफाई करने के लिए सवार हुआ और उसने अपने आप को टायलेट में बंद कर लिया।
उड़ान भरने के 30 मिनट बाद चालक दल के सदस्यों ने उसे पकड़ा। हबीब के पास पार्किं ग में खड़े विमान तक जाने के लिए वैद्य पहचान पत्र था।
बयान में एयर इंडिया ने कहा, "वह यात्रियों और विमान की सुरक्षा के लिए कोई खतरा नहीं था।"
हबीब ने चालक दल के सदस्यों से कहा था कि वह भारतीय नागरिक है और मदीना में अपने काम से संतुष्ट नहीं है। वह घर लौटने के लिए व्याकुल था।
विमान के कमांडर ने सुरक्षा के मामले में संतुष्ट होने के बाद जयपुर के लिए उड़ान जारी रखने का आदेश दिया था।
यद्यपि, राज्य खुफिया ब्यूरो ने इसकी जांच शूरू कर दी है कि कैसे हुसैन विमान में सवार होने और टायलेट में 30-40 मिनट तक बने रहने में सफल रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications