विवादों के बाद तिवारी ने दिया राज्यपाल के पद से इस्तीफा (राउंडअप)
राष्ट्रपति के सचिव क्रिस्टी फर्नाडीज ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हां, उन्होंने (तिवारी) राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील को इस्तीफा भेज दिया है।" वह 22 अगस्त, 2007 को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बने थे।
दरअसल, एक तेलुगू समाचार चैनल ने तिवारी जैसे दिख रहे एक शख्स को तीन युवतियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया था। इसके बाद मामले ने इतना तूल पकड़ा कि शुक्रवार को महिलाओं के एक समूह ने राजभवन पर तिवारी के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। पुलिस ने 10 से ज्यादा प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार भी किया था।
इन आरोपों के बाद नैतिक आधार पर तिवारी का राज्यपाल पद पर बने रहना मुश्किल हो गया था। अलबत्ता उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा फैक्स कर दिया। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
राजभवन के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने तिवारी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और शंकरनारायणन को प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा।
तिवारी द्वारा आंध्र प्रदेश के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने से राहत महसूस कर रही कांग्रेस ने उनके फैसले का स्वागत किया है। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख जनार्दन द्विवेदी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मैं समझता हूं कि सार्वजनिक जीवन के मानदंडों का पालन करते हुए उन्होंने उपयुक्त फैसला किया है। हम उनके इस फैसले का स्वागत करते हैं।"
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि जब तक यह साबित नहीं हो जाए कि कथित वीडियो टेप सही है या गलत, उन्हें पद पर नहीं बने रहना चाहिए।"
गौरतलब है कि एक तेलुगू समाचार चैनल ने 85 वर्षीय तिवारी जैसे दिख रहे एक शख्स को तीन युवतियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया था। इसके बाद मामले ने इतना तूल पकड़ा कि शनिवार शाम होते-होते तिवारी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ गया।
उधर, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने तिवारी की कथित संलिप्तता वाले सेक्स स्कैंडल मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।
उनके इस्तीफे के बाद पत्रकारों से चर्चा में नायडू ने कहा कि चूंकि इस मामले में कुछ सांसदों के भी शामिल होने के आरोप हैं, इसलिए केंद्र सरकार को इसकी सीबीआई से जांच करानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी राज्यपाल को सेक्स स्कैंडल में शामिल होने के आरोपों के कारण अपने से इस्तीफा देना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications