झारखण्ड में सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया (लीड-3)
रांची, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष शिबू सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के समर्थन से झारखण्ड में सरकार बनाने का शनिवार को दावा पेश किया।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रघुबर दास, आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो और बेटे हेमंत सोरेन के साथ सोरेन ने राज्यपाल के. शंकरनारायण से मुलाकात की और उन्हें 42 विधायकों के समर्थन पत्र की सूची सौंपी।
इस सूची में भाजपा और झामुमो के 18, आजसू के पांच और एक निर्दलीय विधायक के नाम शामिल हैं। जनता दल (युनाइटेड) के दो विधायक हैं। वे भी अपना समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपेंगे।
राज्यपाल से मिलने के बाद अर्जुन मुंडा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हमने एक स्थिर सरकार देने के लिए झामुमो का समर्थन किया है।"
आजसू के सुदेश महतो ने कहा, "एक स्थिर और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने के लिए हमने झामुमो को समर्थन दिया है।"
हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा, "प्रदेश की जनता के हित में हम एक साथ सरकार बना रहे हैं ताकि राज्य में एक स्थिर सरकार रहे।"
सरकार के गठन की अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन सूत्रों का मानना है कि इसका फार्मूला तैयार हो गया है। इसके तहत दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे जिनमें एक भाजपा और एक आजसू का होगा।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के रघुबर दास और आजसू के सुदेश महतो को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। जहां तक मंत्री पद का सवाल है तो भाजपा और झामुमो के चार-चार, आजसू के दो और जद (यू) को एक मंत्री पद दिया जाना तय हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष का पद भाजपा के खाते में जाना तय हुआ है।
इससे पहले, आज दिन भर रांची में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। राजनाथ सिंह ने महतो से मुलाकात की। इसके बाद सोरेन उनसे मिलने पहुंचें। फिर 21 सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से भेंट कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
उधर, आज सुबह भाजपा विधायक दल की भी बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से झामुमो को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में रघुबर दास को विधायक दल का नेता भी चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications