'जरदारी ने बेनजीर की हत्या के सबूतों के साथ छेड़छाड़ की'
कराची, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। आतंकवादी हमले में मारी गईं पाकिस्तान पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के एक करीबी रिश्तेदार ने उनके पति आसिफ अली जरदारी पर हत्या से संबंधित सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
बेनजीर के पिता और पूर्व राष्ट्रपति जुल्फिकार अली भुट्टो के रिश्ते के भाई मुमताज ने सिंध के हैदराबाद जिले में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि हत्या को दो साल बीत गए हैं और अब तक न तो हत्यारों को गिरफ्तार किया गया है और न ही उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
रावलपिंडी में एक राजनीतिक रैली के दौरान 27 दिसम्बर 2007 को बेनजीर की हत्या कर दी गई थी।
पाकिस्तानी अधिकारियों की जांच और स्कॉटलैंड यार्ड की जांच के बाद हत्या के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र का विशेष रूप से गठित एक दल इस घटना की जांच कर रहा है लेकिन इस जांच से ज्यादा कुछ पता चलने की उम्मीद नहीं है क्योंकि हत्या के तुरंत बाद घटनास्थल को पानी से धोकर सारे सबूत मिटा दिए गए थे।
जुल्फिकार और मुमताज ने मार्च 1967 में संयुक्त रूप से सत्तारूढ़ दल पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नींव रखी थी।
सिंध प्रांत के राज्यपाल और मुख्यमंत्री रह चुके मुमताज ने 1989 में सिंध नेशनल फ्रंट का गठन कर लिया था। मुमताज जरदारी की मुखर आलोचक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications