श्रीलंका में सुनामी की पांचवीं बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि
कोलंबो, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। श्रीलंका में वर्ष 2004 में आई सुनामी की पांचवीं बरसी पर इस आपदा में मारे गए 40,000 से अधिक लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार श्रीलंका के पूर्वी, दक्षिणी और पश्चिमी तटीय इलाकों में सुनामी का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों ने विभिन्न धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लिया। इस मौके पर मृतकों के सम्मान में पूरे देश में दो मिनट का मौन रखा गया।
कोलंबो से करीब 350 किलोमीटर दूर कराथिवु में ग्रामीणों ने सुनामी में मारे गए करीब 400 लोगों के चित्र प्रदर्शित किए और एक हिंदू धार्मिक समारोह में शामिल हुए।
एक ग्रामीण शिवलिंगम मुत्तुस्वामी ने कहा कि मकानों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण के बावजूद मारे गए लोगों के परिवार के सदस्य अपने प्रियजनों की याद में दुखी हैं और उस भयावह समय को याद कर आज भी सिहर उठते हैं।
उन्होंने कहा कि मछुआरों के इस गांव का लगभग हर परिवार सुनामी से प्रभावित हुआ लेकिन कुछ परिवारों के तीन से चार सदस्य तक आपदा में मारे गए।
देश के दक्षिणी तटीय इलाकों गॉल और मतारा में बौद्ध भिक्षुओं ने शोक सभा का आयोजन किया।
श्रीलंका सरकार ने सुनामी के बाद समुद्री तटों से 500 मीटर से एक किलोमीटर तक की दूरी को सुरक्षित क्षेत्र घोषित कर दिया। इस आदेश से कई बस्तियों का स्थान बदलना पड़ा। बहरहाल सुनामी आने के एक वर्ष बाद इस आदेश को वापस ले लिया गया।
सुनामी से श्रीलंका में 100,000 मकान, दुकानें और अन्य इमारतें नष्ट हुईं थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications