ईरान में पुलिस-विपक्ष के बीच झड़पें

ईरान में विपक्षी पार्टियों से जुड़ी वेबसाइटों का दावा है कि इस्फ़हान में विपक्ष के कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुई हैं. विपक्ष का कहना है कि पुलिस ने भीड़ पर आँसू गैस छोड़ी और लाठी चार्ज किया. ये लोग अयातुल्ला मुंतज़री की याद में इकट्ठा हुए थे जिनका हाल ही में निधन हो गया है.
रिपोर्टों के मुताबिक सुरक्षा बलों ने एक अयातुल्ला के घर को घेर लिया जिन्होंने स्मृति सभा का आयोजन किया था. सोमवार को क़ूम शहर में अयातुल्ला मुंतज़री के जनाज़े पर हजा़रों की संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे. इनमें से कई लोगों ने सरकार विरोधी नारे लगाए थे.
सरकारी टीवी पर आई रिपोर्टों में कहा गया है कि क़ूम में सरकार के समर्थकों ने सोमवार और मंगलवार को प्रदर्शन किया. सुधारवादी नेताओं का कहना है कि पिछले दो दिनों में मुतंज़री के गृह नगर नजफ़ाबाद में भी अशांति का माहौल रहा है.
विरोध प्रदर्शन
बीबीसी को भेजे वीडियो फ़टेज में दिखाया गया है कि नजफ़ाबाद में लोग नारा लगा रहे हैं- अपराधियों,बलात्कारियों, नेताओं को मौत और हम डरते नहीं है. फ़ुटेज भेजने वाले ने कहा है कि इसे मस्जिद में शूट किया गया है. वीडियो की पुष्टि नहीं पा पाई है. बीबीसी संवाददाता का कहना है कि सप्ताहांत में बड़े स्तर पर प्रदर्शन होने की आशंका है.
अधिकारियों ने इस्फ़हान में अशांति की बात की पुष्टि नहीं की है लेकिन पुलिस प्रमुख ने आगाह किया कि विपक्ष का विरोध प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.












Click it and Unblock the Notifications