यूरोप में ठंड से 80 से ज़्यादा की मौत

यूरोप में कई दिनों से चल रहे बर्फ़ीले तूफ़ान और शून्य से भी कम तापमान के कारण 80 से भी ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोगों को यातायात संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले तीन दिनों में पोलैंड में कम से कम 42 लोगों की और यूक्रेन में 27 लोगों की ठंड के कारण मौत हो चुकी है.
आस्ट्रिया, फ़िनलैंड औऱ जर्मनी में तापमान शून्य से 33 डिग्री तक नीचे चला गया है और विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में 13 लोग मारे गए हैं. उत्तरी यूरोप में हवाई, सड़क और रेल यातायात ठप्प हो गया है. आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में और बर्फ़बारी होगी.
इंग्लैंड और फ़्राँस के बीच चलने वाली यूरोटनल के अधिकारियों ने कहा है कि उसके फोक्स्टोन टर्मिनल पर यात्रियों की भीड़ लगी हुई है. वहीं यूरोस्टार मंगलवार को सीमित सेवाएं चलाएगा.
अपील
पोलैंड में पुलिस ने अपील की है कि लोग बेघरों की मदद करें. पोलैंड में कई जगह तापमान शून्य से 20 डिग्री तक नीचे चला गया है. पुलिस ने कहा है कि पोलैंड में ठंड से मारे गए 42 लोगों में से ज़्यादातार लोग बेघर थे. वहीं क्रैको शहर के मुख्य चौराहे पर स्थित एक रेस्तराँ के मालिक ने हज़ारों बेघर लोगों को खाना खिलाया.
फ्रांस, जर्मनी, बेल्जियम औऱ नीदरलैंड के हवाई अड्डों में रनवे से बर्फ़ हटाने के लिए काफ़ी मशक्कत करनी पड़ रही है और कई उड़ानें बाधित हुई हैं.
जर्मनी की तीसरा सबसे बड़ा हवाई अड्डा भारी बर्फ़बारी के कारण बंद रहा, वहीं बेल्जियम के तीन बड़े हवाई अ़ड्डे भी बंद करने पड़े. रूस में गलियों की सड़कों से बर्फ़ हटाने के लिए नौ हज़ार लोगों को नियुक्त किया गया है. माना जा रहा है कि अभी तापमान और गिर सकता है.












Click it and Unblock the Notifications