महबूबा को पाकिस्तान का वीज़ा नहीं

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
पाकिस्तान ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रमुख और भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती को वीज़ा देने से इनकार कर दिया है.
उनकी पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रवक्ता नईम अख़्तर ने बताया है कि एक ग़ैर सरकारी संगठन ने इस्लामाबाद में एक सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए महबूबा मुफ़्ती को बुलाया था. लेकिन पाकिस्तान के उच्चायोग ने उन्हे वीज़ा नहीं दिया.
हाल के वर्षों में महबूबा मुफ़्ती दो बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुकी हैं. पहली बार वो कश्मीर पर हो रहे पगवॉश सम्मेलन में भाग लेने गईं थीं. तब परवेज़ मुशर्रफ़ सत्ता में थे. दूसरी बार उन्होंने पाकिस्तान की यात्रा तब की जब पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी सत्ता में आई.
उस समय उन्होने पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष और मौजूदा राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी से भेंट की थी और एक संयुक्त समाचार सम्मेलन को भी संबोधित किया था.
यात्रा
पिछले कुछ वर्षों में उमर अब्दुल्लाह सहित भारत का समर्थन करने वाले कई कश्मीरी नेता पाकिस्तान की यात्रा कर चुके हैं.
पृथक्तावादी नेता प्रोफ़ेसर अब्दुल ग़नी बट का कहना है कि महबूबा मुफ़्ती को वीज़ा न देना भारत के सख़्त होते रवैए का नतीजा है.
कश्मीर मसले पर बातचीत शुरू करने को लेकर भारत ने जो रवैया अपनाया है उसकी वजह से पाकिस्तान ने भी जैसे को तैसा की नीति अपना ली है.
भारत का कहना है कि जब तक पाकिस्तान मुंबई हमलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कठघरे में खड़ा नहीं करता बातचीत शुरू नहीं होगी.












Click it and Unblock the Notifications