चेहरे बदलने को तैयार भाजपा

Rajnath
भारत में प्रमुख विपक्षी दल, भारतीय जनता पार्टी ने संकेत दिए हैं कि कई बड़े नामों की विदाई हो सकती है और कुछ नए चेहरे पार्टी की बागडोर संभालते दिख सकते हैं.

इस सिलसिले में शुक्रवार को पार्टी के संसदीय बोर्ड और वरिष्ठ अधिकारियों की दिल्ली में एक अहम बैठक हो रही है जिसके बाद कुछ बड़े नेता इस्तीफे दे सकते हैं.जानकारों का कहना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह अपने पदों से इस्तीफा दे सकते हैं.

हालांकि पार्टी के पदाधिकारी अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं पर ऐसे संकेत ज़रुर दिए जा रहे हैं.शुक्रवार को बीबीसी से बातचीत में पार्टी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि संसदीय बोर्ड और पदाधिकारियों की इस बैठक में हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और झारखंड चुनाव के अलावा पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को लेकर उठ रहे कुछ मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है.

जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी में इस बैठक के बाद राजनाथ सिंह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं तो उन्होंने कहा कि संगठन को लेकर कुछ मुद्दे हैं. इस महीने संगठन में नए नेतृत्व के लिए चुनाव होना भी है इसलिए अगर ऐसा कोई फैसला लिया जाता है तो इसकी सूचना दे दी जाएगी.

नेतृत्व में बदलाव

भारत के कई समाचार माध्यमों में ऐसी खबरें प्रकाशित हुई हैं कि विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं और यह ज़िम्मेदारी सुषमा स्वराज को सौंपी जा सकती है. ऐसी ख़बरें पिछले कुछ समय से लगातार मीडिया में आ भी रही हैं.

पर मुख्तार अब्बास नकवी ने न तो इसका खंडन किया और न ही इसकी पुष्टि. ज़ाहिर है, बैठक से पहले वो आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहना चाहते हैं लेकिन बदलाव के लिए संकेत तो देते ही हैं.

ऐसी भी चर्चा है कि एक नया विशेष पद बनाकर आडवाणी को उसका ज़िम्मा सौंपा जा सकता है. नकवी ने बताया कि अगर बैठक के दौरान पार्टी के संविधान में किसी तरह के बदलाव का फैसला लिया जाता है तो ऐसा हो सकता है.

चर्चा यह भी है कि संघ की पसंद बताए जा रहे नितिन गडकरी पार्टी की बागडोर अपने हाथों में ले सकते हैं. वैसे पार्टी की राज्य इकाइयों में भी चुनावों का क्रम जारी है और संगठनात्मक स्तर पर कई बदलाव आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी में देखने को मिल सकते हैं.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+