प्रिंस विलियम को 'शैडो किंग' बनाने की कोई योजना नहीं (लीड-1)
बकिंघम पैलेस ने समाचार पत्र मेल में प्रकाशित उस रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढंत बताया है, जिसमें कहा गया है कि महारानी (83) अपने बेटे चार्ल्स को दरकिनार कर पोते पिं्रस विलियम (27) को अगले सम्राट के रूप में तैयार कर रही हैं।
अखबार ने एक गुप्त सरकारी दस्तावेज के हवाले से रविवार को कहा है कि प्रिंस विलियम ब्रिटेन का अगला सम्राट बनने की तैयारी में कुछ महत्वपूर्ण सार्वजनिक जिम्मेदारियों को अपने हाथ में लेंगे।
समाचार पत्र मेल ने एक दस्तावेज के हवाले से लिखा है कि ब्रिटेन की महारानी (83) अपने प्रिंस विलियम को एक 'शैडो किंग' के रूप में तैयार कर रही हैं।
अखबार ने लिखा है कि वित्त मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा लिखी गई एक टिप्पणी से यह साफ होता है कि इसके जरिए महारानी और उनके 88 वर्षीय पति पर मौजूदा भार को कम करने की योजना है।
लेकिन एक शाही प्रवक्ता ने कहा है कि प्रिंस विलियम भले ही धीरे-धीरे कई सारी जिम्मेदारियों को लेते जा रहे हैं, लेकिन प्रिंस चार्ल्स को दरकिनार करने की कोई योजना नहीं है।
प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया, "प्रिंस विलियम धीरे-धीरे कई सारी सार्वजनिक जिम्मेदारियों को लेते जा रहे हैं। लेकिन उनका ध्यान निकट भविष्य में शुरू होने वाले अपने सैन्य कॅरियर पर ही है।"
अखबार ने लिखा है, "यह खुलासा इन कयासों को बल देगा कि महारानी को भरोसा है कि विलियम, चार्ल्स से कहीं ज्यादा बेहतर तरीके से साम्राज्य के दीर्घकालिक हितों को प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही यह विलियम की महिला मित्र केट मिडल्टन के साथ उनकी बहुप्रतीक्षित सगाई के समय के बारे में भी नए सवालों को जन्म देगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications