देश में पहली वाई मैक्स तकनीक का लोकार्पण
इससे पंचायत समिति पीसांगन क्षेत्र के भांवता, बड़ाखेड़ा, गनाहेड़,गोला, गोविन्दगढ़, जेठाना, नागेलाव, ब्रिकच्यावास, देवनगर, शिवपुरा, केसरपुरा, पगारा, सराधना गांव इन्टरनेट, ब्राडबैंड सेवा से जुड़ गए।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए पायलट ने कहा कि इस तकनीक के प्रारम्भ होने से व्यवस्थाओं में कायाकल्प हो जाएगा और गांव-गांव में संचार क्रांति पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का आगामी 5 साल में हर संभव यह प्रयास रहेगा कि देश के ग्रामीण बच्चे बड़े शहरों के बच्चों की तरह कम्प्यूटर इंटरनेट शिक्षा के क्षेत्र में आगे आएं और दूरदराज ग्रामीण को उसके गांव में सूचनाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि योजना के द्वितीय चरण में अंराई, जवाजा, सावर, गेगल, कादेड़ा, केकड़ी, रूपनगढ, सरवाड़, खरवा, बांदनवाड़ा, नसीराबाद, चांपनेरी और रामसर ग्राम को वाई मैक्स तकनीक से जोड़ने के प्रयास होंगे। उन्होंने समारोह में जिले के 14 महिला स्वयं सहायता समूहों को लैपटॉप भी वितरित किए।
भारत संचार निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक कुलदीप गोयल ने देश में ग्रामीण क्षेत्र के लिए पहली बार प्रारम्भ की गई वाई मैक्स तकनीकी के बारे में पूरी जानकारी दी। भारत संचार निगम के कन्ज्यूमर मोबिलिटी निदेशक राकेश कुमार अग्रवाल ने वाई मैक्स तकनीकी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इससे 7 एम.बी.स्पीड गति मिलेगी।
महाप्रबन्धक वाई मैक्स प्रदीप नागपाल ने बताया कि वाई मैक्स तकनीक के ग्रामीण क्षेत्र में 1000 एक्सचेंज लगाए जाएंगे और बी.टी.एस. स्थापित करने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications