मुंबई में बहुमंजिली इमारत गिरी, 40 परिवारों को बचाया गया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अग्निशमन दल ने दक्षिणी मुंबई में स्थिति भिंडी बाजार इलाके की एक चार मंजिली इमारत के गिरने से पहले ही उसमें रहने वाले लोगों की जान बचा ली।
पुलिस को शाम तीन बजे सूचना मिली थी कि 60 वर्ष पुरानी इमारत गिरने के कगार पर है और उसमें रहने वाले सैकड़ों लोकों की जान खतरे में है।
इमारत में रहने वाले लोगों को बचाने के लिए अग्निशमन दल की चार गाड़ियां और एक एंबुलेंस को काम पर लगाया गया था। स्थानीय लोगों ने इमारत में पड़ी दरार को बढ़ते देख पुलिस को इसकी सूचना दी थी।
लोगों की इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन दल ने तत्काल वहां पहुंचकर इमारत को खाली करा लिया। खाली होने के कुछ मिनट बाद ही इमारत ढह गई। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
इससे ठीक पहले मुंबई के कुछ इलाकों और महाराष्ट्र तथा कोकण में हल्का भूकंप आया था। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.0 नापी गई थी। ऐसा माना जा रहा है कि इसी के कारण भिंडी बाजार की इमारत में दरार पड़ी थी। इससे पहले 14 नवंबर को भी इस क्षेत्र में 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications