जबलपुर में एटीएम ही चुरा ले गए चोर
यह घटना जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र की है जहां के मीरगंज इलाके से एटीएम को ही रविवार की सुबह चोर चुरा ले गए। वारदात के बाद सुरक्षाकर्मी बेहोशी की हालत में मिला है और क्लोज सर्किट कैमरा न लगा होने के कारण चोरों की शिनाख्त भी पुलिस के लिए मुश्किल हो गई है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की मीरगंज शाखा के शाखा प्रबंधक ए. बी. चौधरी ने भेड़ाघाट थाने में एटीएम चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस एटीएम से शनिवार की रात को एक बजकर 54 मिनट पर अंतिम बार रकम का आहरण किया गया है। उसी के बाद चोरी की यह वारदात हुई।
सुरक्षा के लिए तैनात कर्मी भंगर प्रसाद रजक रविवार की सुबह सात बजे सफाईकर्मी को बेहोशी की हालत में मिला। जब एटीएम की चोरी हुई तब उसमें लगभग एक लाख 67 हजार रुपये थे।
भेड़ाघाट थाना प्रभारी ए. के. शुक्ला ने आईएएनएस को बताया कि एटीएम के लिए बने कक्ष में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। वहीं मशीन को एक नहीं बल्कि चार से अधिक व्यक्तियों ने मिलकर उसे उठाया होगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications