मधु कोड़ा से होगी पूछताछ

बीबीसी के झारखंड संवाददाता सलमान रावी के अनुसार मधु कोड़ा इस समय चाईबासा में अपनी पत्नी के साथ हैं और वे अपनी नई पार्टी के लिए पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार में लगे हुए हैं. उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग के अधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के ठिकानों पर छापे मारने के बाद कहा था कि उन्हें चार हज़ार करोड़ रुपयों के निवेश के सबूत मिले हैं जिसमें से कई निवेश तो विदेशों में किए गए हैं.
मधु कोड़ा इन आरोपों का खंडन करते हैं और इसे राजनीतिक षडयंत्र बताते हैं. इस मामले में मधु कोड़ा के कुछ सहयोगियों के ख़िलाफ़ भी मामला दर्ज किया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री कोड़ा और उनके दो सहयोगियों संजय चौधरी और विनोद सिन्हा से पूछताछ करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम राँची में है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से कहा है कि इन तीनों ही व्यक्तियों को पूछताछ के लिए प्रस्तुत होने के लिए कहा गया है. अधिकारियों का कहना है कि छापे के दौरान मधु कोड़ा और उनके सहयोगियों के ठिकानों से ज़ब्त कागज़ात के आधार पर यह पूछताछ की जाएगी.












Click it and Unblock the Notifications