नक्सलियों ने तीन लोगों की हत्या की

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा ज़िले के एक गाँव में नक्सलवादियों ने गुरुवार की रात तीन लोगों की सरेआम हत्या कर दी. स्थानीय संवाददाता करीमु्द्दीन ने बीबीसी को बताया कि टोंगपाल थाने के किरकिरपाल गाँव में गुरुवार की रात हथियारों से लैस क़रीब 150 नक्सलवादी पहुँचे और गाँव के तीन लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी.
दंतेवाड़ा ज़िले के पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने इस घटना की पुष्टि की है. मारे गए लोगों में प्रखंड शोध समन्वय अधिकारी जय सिंह मंडावी, उनके बड़े भाई लछिंद्र और पंचायत सचिव तिलेश्वर शामिल हैं.
गाँववालों का कहना है कि नक्सलवादी अपने कैडर में इस इलाक़े से युवक-युवतियों की भर्ती करने पर ज़ोर दे रहे थे जिसका इन लोगों ने विरोध किया. गाँववालों के मुताबिक नक्सलियों ने लोगों को घरों से बाहर निकाला और सबके सामने इन लोगों की हत्या कर दी.
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से बरामद नक्सलियों के पर्चे का वे अध्ययन कर रहे हैं. दंतेवाड़ा नक्सलियों के प्रभाव वाला इलाका़ है. पिछले हफ़्ते छतीसगढ़ के बेलाडिला इलाके़ में एक हमले में नक्सलावादियों ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के चार जवानों की हत्या कर दी थी.
माना जा रहा है कि केंद्र सरकार नक्सलवाद प्रभावित राज्य सरकारों के साथ मिलकर जल्द की नक्सलवादियों के ख़िलाफ़ बड़ा अभियान शुरू करने वाली है और इस संबंध में नई रणनीति बनाई गई है.
गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने श्रीनगर में कहा था कि भारत में नक्सलवाद से निपटने के लिए बहुआयामी नीति अपनानी होगी.












Click it and Unblock the Notifications