जापान में नया प्रधानमंत्री

जापान की संसद ने डेमोक्रैटिक पार्टी के नेता यूकियो हैतोयामा को औपचारिक रुप से नया प्रधानमंत्री चुन लिया है. दो हफ़्ते पहले उनकी पार्टी ने चुनावों में भारी जीत दर्ज की थी. इसके साथ ही 50 वर्षों से अधिक समय से चला आ रहा लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी का शासन समाप्त हो गया था.
हैतोयामा ने कहा है कि इतिहास एक नया मोड़ ले रहा है और वे इससे उत्साहित हैं. उन्होंने कहा, "लड़ाई तो अब शुरु हो रही है."नए प्रधानमंत्री को अब अपने मंत्रिमंडल का चयन करना होगा. उन्होंने अपने विदेशमंत्री और वित्तमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है. इसके अलावा नौकरशाही में होने वाले बदलावों को नियंत्रित करने के लिए नेशनल स्टैट्जी ब्यूरो के प्रमुख का नाम भी तय कर दिया गया है.
उधर चुनाव में हार का मुँह देखने वाली लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी भी अपने नेता का चुनाव करेगी. डेमोक्रेटिक पार्टी ने दो छोटे दलों, सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी और पीपल्स न्यू पार्टी के साथ गठबंधन किया है और अब उसका संसद के दोनों सदनों पर क़ब्ज़ा हो गया है.
डेमोक्रेटिक पार्टी को सबसे पहले दो चुनौतियों का सामना करना है, एक तो तेज़ी से उम्रदराज़ हो रहे समाज को संभालना और दूसरे हाल ही में बड़ी मंदी के बाद आर्थिक स्थिति को दुरुस्त करना.उन्होंने समाज कल्याण पर सरकारी ख़र्च बढ़ाने की घोषणा की है जिसमें स्वास्थ्य और शिक्षा में होने वाला ख़र्च शामिल है.उन्होंने अमरीका के साथ सुदृढ़ रिश्ते क़ायम करने की भी बात कही है.












Click it and Unblock the Notifications