शाही रेलगाड़ियां अब मई-जून को छोड़ वर्ष भर चलेंगी
नई दिल्ली में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सेल्स एजेंट्स की बैठक में राजस्थान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डा. मंजीत सिंह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों शाही रेलगाड़ियां अगले पर्यटन सत्र से मई एवं जून माह को छोड़कर वर्ष पर्यन्त सैलानियों के लिए उपलब्ध हो सके, ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं। ताकि इन रेलगाड़ियों में मैरिज ऑन बोर्ड, स्पेशल पैकेज और चार्टर ट्रेन के रूप में बुक करने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
डा़ सिंह ने कहा कि पैलेस ऑन व्हील्स की सफलता और सन् 2010 तक इसमें बुकिंग उपलब्ध नहीं होने की वजह से ही नई शाही रेलगाड़ी रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स शुरू की गई है और पहले सीजन में कम यात्रियों के बावजूद इसका संचालन हुआ है। उन्होंने बताया कि अगले पर्यटन सत्र के लिए ट्रेन में अभी से बुकिंग आने लगी है। लेकिन इसे पैलेस ऑन व्हील्स की तरह सफलता दिलाने के लिए सेल्स एजेंट्स का सहयोग जरूरी है।
डा. सिंह ने बताया कि सेल्स एजेंट्स और पर्यटकों की मांग को ध्यान में रखते हुए अगले सत्र से रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स का किराया 590 अमेरिकन डॉलर प्रति व्यक्ति प्रति यात्रा किया जाना प्रस्तावित है। इससे और अधिक संख्या में पर्यटक आकर्षित हो सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अगले सत्र में इस ट्रेन में स्पा, वाई-फाई, बिजनेस सेंटर, लाइब्रेरी आदि अतिरिक्त सुविधाओं को भी जोड़ने का विचार है। सेल्स एजेंट्स की बैठक से पूर्व डा़ मनजीत सिंह ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर शाही रेलगाड़ियों के बेहतर संचालन के संबंध में विचार विमर्श किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications