हवाई मार्ग से पन्ना पहुंचेगी बाघिन
नई मेहमान बाघिन के लिए पन्ना के राष्ट्रीय उद्यान में तैयारियों का सिलसिला जारी है। वहां हेलीकाप्टर के लिए हेलीपैड बनाया गया है तो बाघिन को जहां रखा जाना है वहां लगभग सवा हेक्टेयर क्षेत्र में बाड़ा बनाया गया है। इस बाड़े में जल संग्रहण हेतु संरचनाएं भी बनाई गई हैं। बाघिन को बांधवगढ़ और पन्ना में किसी तरह का फर्क नजर न आए इसका विशेष तौर पर ख्याल रखा जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक अगर वन्य प्राणी को बदलाव का एहसास हो जाता है तो वह स्वच्छंद नहीं रहता।
पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक एल .क़े चौधरी ने आईएएनएस को बताया है कि नई मेहमान बाघिन की एक-एक गतिविधि पर नजर रखने के लिए नवनिर्मित बाड़े में छह कैमरे लगाए गए हैं। इन सभी कैमरों को नियंत्रण कक्ष से नियंत्रित किया जाएगा। ऐसा करने के पीछे मकसद यह है कि बाघिन के विचरण में बाधा उत्पन्न न हो और उसकी गतिविधियों की जानकारी विशेषज्ञों को रहे। मध्य प्रदेश का यह पहला प्रयोग है जब किसी बाघिन को हवाई मार्ग से लाया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय उद्यान बांधवगढ़ में बाघिन को भेजने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिस बाघिन को भेजा जाना है वह लगभग चार वर्ष की है। बांधवगढ के निदेशक ए़ श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि जिस बाघिन को भेजा जाना है उसे चिन्हित कर लिया गया है। बाघिन को विशेषज्ञों की मदद से ट्रंक्यूलाइजर दिया जाएगा और उसे रेडियों कॉलर भी लगाया जाएगा। कोशिश यह रहेगी कि बाघिन को बांधवगढ से पन्ना तक पहुंचने के बीच में होश न आए। बाघिन को जिस पिंजरे में भेजा जाना है वह भी तैयार हो चुका है।
बाघिन को वायु सेना के हैलीकाप्टर से बांधवगढ़ से पन्ना तक ले जाया जाएगा। इसके लिए वायु सेना के अधिकारी पन्ना राष्ट्रीय उद्यान पर मुआयना भी कर चुके है। संभावना जताई जा रही है कि बाघिन इसी सप्ताह बांधवगढ़ से पन्ना पहुंच जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय उद्यान कान्हा से भी एक बाघिन पन्ना भेजने की योजना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications