हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री की दूसरी बीवी ने की खुदकुशी की कोशिश (लीड-1)
मोहाली पुलिस ने फिजा के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज किया है।
शहर पुलिस अधीक्षक वीरेंदर पाल ने गुरुवार शाम आईएएनएस से कहा कि सामान्य स्थिति में वह इतनी अधिक मात्रा में नींद की गोलियां नहीं खाती, जिससे अस्पताल में भर्ती होना पड़े। इसके अलावा घटना के सात घंटे बाद भी उसकी स्थिति स्थिर नहीं हुई है।
इसे आत्महत्या का स्पष्ट प्रयास बताते हुए पाल ने कहा कि पुलिस ने फिजा के खिलाफ आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को स्थिति सुधरने के बाद पुलिस फिजा का बयान लेगी।
फिजा के परिजनों ने बताया कि मोहाली के सेक्टर 48 स्थित अपने घर में नींद की गोलियों का अत्यधिक मात्रा में सेवन कर लेने के बाद उनको सेक्टर 32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि फिजा की हालत पर नजर रखी जा रही है।
इससे पहले फिजा ने बुधवार को अपने देवर कुलदीप बिश्नोई पर चांद मोहम्मद के अपहरण का आरोप लगाया था। जबकि उनके पति ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से गए हैं और उन्होंने इस बारे में फिजा को सूचित भी किया था।
मोहाली पुलिस ने यह कहकर मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया है कि यह पति और पत्नी के बीच तकरार का मामला लगता है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर में भजनलाल के ज्येष्ठ पुत्र चंद्रमोहन ने इस्लाम कुबूल करते हुए अपना नाम चांद मोहम्मद रख लिया था और इसके बाद उन्होंने अनुराधा बाली ऊर्फ फिजा बानो से निकाह किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications