आडवाणी ने लोकसभा चुनाव पर मुख्यमंत्रियों से की चर्चा
पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की गुरुवार को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में यह बात उभर कर सामने आई।
बैठक की जानकारी देते हुए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने कहा, "लोकसभा चुनाव को नजर में रखकर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की आडवाणी के साथ बैठक हुई। बैठक में लोकसभा चुनाव में मुद्दे क्या-क्या होने चाहिए, पार्टी की रणनीति क्या होनी चाहिए, इन विषयों पर चर्चा हुई।"
उन्होंने कहा, "बैठक में मुख्यमंत्रियों की ओर से कई सुझाव भी आए हैं। सभी ने अपनी-अपनी बात कही। किसी ने कार्यकर्ता सम्मेलन बुलाने को कहा तो किसी ने नवमतदाता अभिनंदन समारोह करने का तो किसी ने लोकसभा चुनाव तक विस्तारकों को नियुक्त करने का सुझाव दिया है।" पार्टी जल्द ही इस संबंध में कार्यक्रमों की घोषणा करेगी।
नायडू ने कहा, "भाजपानीत पूर्व की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने अपने पांच वर्षो के कार्यकाल में जितने अच्छे काम किए उन कामों व योजनाओं को संप्रग सरकार आगे बढ़ाने में विफल रही। सरकार ने तो पहले तीन साल राजग द्वारा की गई बुआई की फसल खाई।"
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में महंगाई, आतंकवाद, कृषि व आर्थिक क्षेत्र में जारी निरंतर संकट का दौर और बेरोजगारी पार्टी के अहम मुद्दे होंगे। इसके अलावा युवाओं को नजरअंदाज करने और राजग सरकार की महत्वाकांक्षी नदी जोड़ो परियोजना को आगे न बढ़ाने के मुद्दे पर भी पार्टी कांग्रेस को घेरेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications