पाकिस्तान से बाहर रची गई मुंबई हमले की साजिश!
इस्लामाबाद , 29 जनवरी (आईएएनएस)। मुंबई हमले के संबंध में पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय की जांच इस नतीजे पर पहुंची है कि मुंबई हमले की साजिश पाकिस्तान की सीमा से बाहर रची गई। इस रिपोर्ट को बुधवार को भारत को सौंपा जाना था लेकिन अब इसके महीने के अंत में भारत को दिए जाने की संभावना है।
समाचार चैनल 'डान' ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई हमले की साजिश पाकिस्तानी धरती से बाहर रची गई और इसमें जाहिरा तौर पर लश्कर-ए-तैयबा के शामिल होने का कोई सबूत नहीं है।
पाकिस्तान के आतंरिक मंत्रालय प्रमुख रहमान मलिक ने गुरुवार को इस्लामाबाद में कहा कि जांच रिपोर्ट को दो या तीन दिनों में सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
मलिक ने डान समाचार चैनल से कहा कि रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की कोई समय सीमा तय नहीं है और जांचकर्ताओं को जांच पूरी करने के लिए और अधिक समय की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान सरकार ने 17 जनवरी को जांच के आरंभिक परिणामों को 10 दिनों में सार्वजनिक करने की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications