गाजा में तत्काल मदद की जरूरत : मून (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर मून ने कहा कि गाजा के लोगों की मदद के लिए तत्काल 61.3 करोड़ डॉलर की जरूरत है।
उन्होंने कहा, "मैं गाजा में जहां भी गया वहां मैंने देखा कि मानवीय सहायता की तत्काल जरूरत है। इजरायल समेत पूरी दुनिया को गाजा के पुनर्निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।"
उधर, इजरायली सेना ने गाजा पट्टी पर गुरुवार को एक बार फिर मिसाइल हमला किया जिसमें आठ फिलीस्तीनी घायल हो गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हवा से जमीन पर मार करने वाले मिसाइल से किया गया हमला एक मोटरसाइकिल सवार को जा लगा। नासेर अस्पताल के नजदीक हुई इस घटना में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सात अन्य घायल होने वालों में राहगीर और बच्चे शामिल हैं। बच्चे उस वक्त स्कूल से लौट रहे थे।
इजरायल ने गाजा पट्टी पर 22 दिनों तक चली सैनिक कार्रवाई के बाद 18 जनवरी को एकपक्षीय युद्ध विराम की घोषणा की थी। इजरायल की सैनिक कार्रवाई में गाजा में 1400 लोगों की मौत हो गई थी और 5,500 घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications