कोलकाता में जहरीली शराब पीने से 13 की मौत (लीड-1)
पुलिस उपायुक्त (खुफिया विभाग) जावेद शमीम ने संवाददाताओं को बताया, "दक्षिण-पश्चिम कोलकाता के खिदिरपुर इलाके में जहरीली शराब पीने से शनिवार रात तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसी वजह से 10 अन्य लोगों की मौत रविवार शाम तक हो गई। कम से कम 25 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।"
शमीम ने कहा कि अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और दोषियों को पकड़ने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी जारी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पूरे इलाके में शराब की 20 से अधिक अवैध दुकाने हैं। पुलिस ने रविवार दोपहर इन दुकानों पर छापेमारी की।
इससे पहले विशेष अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सशस्त्र पुलिस) देबाशीष रॉय ने बताया था कि जहरीली शराब बेचने के मामले में तीन महिलाओं समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार इस इलाके की झुग्गियों में रहने वाले लोग स्थानीय दुकानों से शराब खरीदते हैं।
उधर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने क्षेत्र का दौरा किया और मृतकों तथा बीमार लोगों के परिजनों से भेंट की। बनर्जी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश से घटना की जांच कराने की मांग की।
बनर्जी ने दोषियों को नहीं पकड़े जाने पर वेस्ट पोर्ट पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार को बंद की धमकी दी। उन्होंने कोलकाता नगर निगम की ओर से मृतकों के परिजनों को 10 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा भी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications