चैंपियंस ट्राफी में नहीं खेलेगा दक्षिण अफ्रीका
जोहानसबर्ग, 22 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों से अगले महीने पाकिस्तान में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) चैंपियंस ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता में नहीं खेलने का फैसला किया है।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। सीएसए के मुताबिक उसके खिलाड़ी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे, लिहाजा उसे यह कड़ा फैसला लेना पड़ा।
सीएसए के अधिकारियों ने इस मुद्दे को लेकर आईसीसी कार्यदल से विचार-विमर्श के बाद प्रतियोगिता से दूर रहने का फैसला किया। सीएसए के अधिकारियों के मुताबिक उनके देश के खिलाड़ी पाकिस्तान में हाल में हुए बम धमाकों को लेकर खासे चिंतित हैं।
पाकिस्तान में हुई ताजातरीन घटनाओं के कारण कार्य दल सीएसए को पाकिस्तान में खेलने को राजी नहीं कर सका । हालांकि कार्य दल ने बार-बार यह समझाने का प्रयास किया कि चैंपियंस ट्राफी के दौरान अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, लेकिन इसके बावजूद सीएसए वहां अपनी टीम भेजने के लिए राजी नहीं हुआ।
सीएसए के अध्यक्ष नार्मन अरेंड्से ने साफ तौर पर कहा कि वे किसी भी हालत में अपनी टीम को पाकिस्तान नहीं भेजेंगे।
नार्मन ने कहा, "हमने सुरक्षा कारणों से अपनी टीम को पाकिस्तान नहीं भेजने का फैसला किया। हम बतौर मेजबान पाकिस्तान के हक का सम्मान करते हैं। यही कारण है कि हम आईसीसी से इस टूर्नामेंट की तारीख फिर से तय करने की गुजारिश करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
